छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

दुर्ग में ‘आंगन मिलन’ से गूंजा पोषण का संदेश, उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों का हुआ सम्मान

दुर्ग। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग ने नगर पालिक निगम दुर्ग के वार्ड क्रमांक-17 कादम्बरी नगर स्थित आंगनबाड़ी भवन में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और कुपोषण की रोकथाम को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर अलका बाघमार ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। इनके माध्यम से महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पौष्टिक आहार समेत विभिन्न सरकारी सेवाओं और गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ पीढ़ी की नींव रखती है। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण का सीधा असर आने वाली पीढ़ी पर पड़ता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन परिवारों को पोषण के प्रति जागरूक करने तथा कुपोषण की रोकथाम के लिए लगातार काम कर रही हैं।

गोद भराई और अन्नप्राशन ने दिया खास संदेश

कार्यक्रम में गर्भवती माताओं की गोद भराई की रस्म कराई गई, जबकि छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। माताओं को गर्भावस्था और शिशु के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई। बच्चों को खीर, पूरी-हलवा, केला, सलाद, लड्डू सहित विभिन्न पौष्टिक खाद्य सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, वार्ड पार्षद सुरूचि पाटिल, रंजीता पाटिल, जयश्री राजपूत सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, मितानिन, माताएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button