वडनगर से वाराणसी तक सेवा का संदेश, जांजगीर में युवाओं की बाइक रैली ने बढ़ाया जोश

जांजगीर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ वडनगर से वाराणसी तक सेवा से राष्ट्रसेवा का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। सेवा संकल्प अभियान के तहत जांजगीर पहुंची यात्रा का प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों, युवाओं और नागरिकों ने आत्मीय स्वागत किया।
इस दौरान ओ.पी. चौधरी स्वयं बाइक रैली में शामिल हुए और युवाओं का उत्साह बढ़ाया। युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वडनगर से वाराणसी तक यात्रा कर रहे युवाओं को शाल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित भी किया गया।
युवा संवाद में ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सिर्फ समय का आंकड़ा नहीं, बल्कि जनसेवा, राष्ट्रसेवा और भारत के विकास के संकल्प की यात्रा है। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक उनकी सार्वजनिक जीवन की यात्रा सेवा और समर्पण की भावना से जुड़ी रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सकारात्मक सोच देश और छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई गति दे सकती है।
चौधरी ने कहा कि विकास के साथ अपनी संस्कृति और विरासत को सहेजना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को सेवा और समर्पण की भावना के साथ सामाजिक दायित्व निभाते हुए विकसित भारत के संकल्प से जुड़ना चाहिए।
सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के जरिए सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भी यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत करते हुए अभियान को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने वाला बताया।
कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े—:




