छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ में पहली बार पुरुष हॉकी लीग का ऐलान, 21 अक्टूबर से होगा मुकाबला; ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ बनेगा जोश का नारा

छत्तीसगढ़ में खेलों को नई पहचान देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ी पहल का ऐलान किया है। प्रदेश में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पुरुष हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जहां इस तरह की पुरुष हॉकी लीग आयोजित की जाएगी। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। प्रतियोगिता में छह टीमें हिस्सा लेंगी और इनके नाम छत्तीसगढ़ की संस्कृति व पहचान से जुड़े होंगे।

बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित सम्मान समारोह में अरुण साव ने यह जानकारी दी। कार्यक्रम में एशियन गेम्स-2026 की कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी और जूनियर हॉकी एशिया कप-2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार व गीता यादव को सम्मानित किया गया।

संजू देवी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा पूर्व में घोषित 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया गया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव को 11-11 लाख 12 हजार रुपए के विशेष सहायता पैकेज की घोषणा की गई। दोनों खिलाड़ियों को तत्काल 2-2 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता राशि भी दी गई। तीनों खिलाड़ियों के साथ उनके परिजनों का भी सम्मान किया गया।

अरुण साव ने खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में नवनिर्मित ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने इसी केंद्र में अपनी प्रतिभा को निखारा और कड़ी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया।

उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, बेहतर स्वास्थ्य और कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करने की क्षमता विकसित करता है। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के साथ खेल अधोसंरचना मजबूत करने पर भी काम कर रही है।

राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना के लिए बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इससे प्रशिक्षकों, खेल सुविधाओं और अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके अलावा खेल अलंकरण, स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के जरिए खेल प्रतिभाओं को आगे लाने पर जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की। उन्होंने बताया कि बहतराई जिला खेल परिसर में करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट और अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से वातानुकूलन समेत अन्य सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 16 करोड़ रुपए की लागत से खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना है।

समारोह में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेलप्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

ये खबर भी पढ़े—:

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button