छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

धमतरी में बुजुर्गों के सम्मान का बड़ा आयोजन, 500 वरिष्ठजनों को शॉल-श्रीफल देकर किया सम्मानित

छत्तीसगढ़ शासन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत धमतरी में गांधी जयंती और अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेनोनाइट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित ‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने करीब 500 महिला और पुरुष वृद्धजनों से मुलाकात कर उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत 40 लोगों को स्वामित्व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को व्हीलचेयर सहित जरूरी सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, पोषण किट भी बांटी

राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में मंत्री टंक राम वर्मा ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषण किट प्रदान की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और आम लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर उन्होंने स्वयं ब्लड प्रेशर की जांच भी कराई।

वरिष्ठजनों का अनुभव नई पीढ़ी की ताकत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टंक राम वर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव और संघर्ष नई पीढ़ी को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान सिर्फ किसी एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना के अनुरूप केंद्र और राज्य सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए काम कर रही हैं।

उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और अभियानों का उल्लेख करते हुए किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।

देहदान-अंगदान की सराहना, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

कार्यक्रम में देहदान और अंगदान करने वाले नागरिकों के योगदान की सराहना की गई। मंत्री ने इसे मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं की ऊर्जा जब शिक्षा, सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगेगी, तभी मजबूत भारत का निर्माण होगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने वरिष्ठजनों के अनुभव को समाज की बड़ी पूंजी बताया। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने बुजुर्गों के सम्मान को सामाजिक जिम्मेदारी बताया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति, जिला पंचायत सभापति, जनपद अध्यक्ष, डीएफओ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

ये खबर भी पढ़ें —:

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button