देश की ताज़ा खबरें | Fourth Eye News

वृंदावन में संत प्रेमानंद के शिष्य की मौत का नया VIDEO, छत पर जाने से पहले सीढ़ियों पर दिखे रसिक दुलारी

वृंदावन में संत प्रेमानंद के शिष्य रसिक दुलारी शरण की मौत के मामले में एक और वीडियो सामने आया है। 5 अक्टूबर को सामने आए 33 सेकंड के इस तीसरे वीडियो में रसिक दुलारी सीढ़ियों से चढ़कर छत की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर कई सवाल फिर उठने लगे हैं।

वीडियो में रसिक दुलारी सफेद धोती और सफेद बंडी पहने नजर आ रहे हैं। उनके शरीर पर पीले रंग की चादर भी दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि उनकी धोती पर खून के निशान नजर आ रहे हैं। सीढ़ियों से ऊपर जाते समय उनकी चाल भी सामान्य नहीं दिख रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उस समय का है, जब वह छत की ओर जा रहे थे।

25 वर्षीय रसिक दुलारी शरण ने 25 सितंबर की सुबह केली कुंज ट्रस्ट की बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। 26 सितंबर को यमुना किनारे उनका अंतिम संस्कार किया गया।

इस घटना से जुड़े अब तक तीन वीडियो सामने आ चुके हैं। पहले वीडियो में वह ऊंचाई से सड़क पर गिरते दिखाई दिए थे। दूसरे वीडियो में वह छत की बाउंड्री वॉल पर बैठे और कुछ देर बाद छलांग लगाते नजर आए। अब तीसरे वीडियो में उन्हें छत की ओर जाती सीढ़ियों पर देखा गया है।

मामले की जांच में पुलिस आश्रम से जुड़े 30 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है। पोस्टमॉर्टम की शुरुआती जानकारी के मुताबिक शरीर पर सिर, पैर और कमर में चोट के निशान मिले थे। प्राइवेट पार्ट पर भी कट के निशान बताए गए हैं। कमरे से खून लगे ग्राइंडर मिलने की बात भी सामने आई थी। इन सभी पहलुओं की जांच पुलिस कर रही है।

रसिक दुलारी शरण मूल रूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। करीब दो साल पहले उन्होंने वृंदावन आकर प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। उनका पहले नाम दीपक लोधी था। बिजली का काम जानने के कारण आश्रम में उन्हें इसी सेवा से जोड़ा गया था।

रसिक दुलारी की मां लौंग बाई ने दावा किया था कि उन्हें लंबे समय से बेटे से मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि बेटे से उनकी आखिरी बातचीत करीब दो साल पहले हुई थी। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वह वृंदावन पहुंचीं और मामले में दोषियों पर कार्रवाई की उम्मीद जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button