Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

नई दिल्ली : 300 अंक मजबूत होकर खुला सेंसेक्स, निफ्टी 10,500 के पार

नई दिल्ली   ;वैश्विक बाजार में गिरावट की वजह से मंगलवार को तेज गिरावट के साथ बंद हुए भारतीय शेयर बाजार में आज बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का सूचकांक सेंसेक्स 367 अंक चढक़र 34,563 पर खुला तो 50 शेयरों वाला नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 108 अंक की मजबूती से 10,607 पर खुला। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में तमाम ऑटो कंपनियों के शेयर चढ़ रहे थे। इस दौरान रिलायंस, एसबीआई, एचडीएफसी, भारती एयरटेल समेत कई कंपनियों के शेयर चढ़ते दिखे जिनमें मंगलवार को जबर्दस्त बिकवाली देखी गई थी। शुरुआती कारोबार में निफ्टी से संबद्ध एचपीसीएल, बीपीसीएल, ऑरबिंदो फार्मा, वेदांता और भारती एयरटेल के शेयरों में जबर्दस्त खरीदारी हुई। वहीं, सेंसेक्स से संबंधित कंपनियों में इंडसइंड बैंक, भारती एयरटेल, भेल, एसबीआई और डॉ. रेड्डीज के शेयर सबसे ज्यादा चढ़े। इस दौरान तमाम ऑटो कंपनियों के शेयर चढ़ गए। 9:35 बजे मिडकैप इंडेक्स 300 पॉइंट चढ़ चुका था तो बैंक निफ्टी में 203 अंकों की उछाल आ गई थी। वहीं, निफ्टी आईटी इंडेक्स भी 5.80 अंकों की बढ़त के साथ 12568.20 पर कारोबार कर रहा था। बहरहाल, 9:38 बजे खबर लिखने तक सेंसेक्स 182.34 अंक की मजबूती के साथ 34,378 और निफ्टी 62.45 चढक़र 10,560 पॉइंट्स पर कारोबार कर रहा था। उधर, वैश्विक बाजारों का हाल भी बेहतर दिख रहा है। जापान का निक्केई 477 पॉइंट्स चढ़ गया तो हॉन्ग कॉन्ग के शेयर बाजार हेंग सेंग में 371 अंकों की तेजी के साथ कारोबार हो रहा था। उधर, मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार की हालत भी सुधरी और डाउ जोंस 450 अंक की बढ़त के साथ खुला।