विधानसभा सत्र की तैयारियों में जुटा प्रशासन, मुख्य सचिव ने योजनाओं की प्रगति और ऑनलाइन सेवाओं की समीक्षा की

मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को तेजी से पूरा करने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य सचिव ने सभी ऑनलाइन सेवाओं को सेवा सेतु पोर्टल से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही आगामी 13 से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को जरूरी तैयारियां पूरी करने और संबंधित अधिकारियों की विधानसभा में उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
समीक्षा बैठक में ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, मनरेगा और पीएम सूर्य घर बिजली योजना समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।
मुख्य सचिव ने विभागों में रिक्त पदों की अद्यतन जानकारी तैयार करने और कर्मचारी चयन मंडल से जुड़ी प्रक्रियाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक में गृह, विधि, आदिम जाति विकास, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, परिवहन, उच्च शिक्षा, नगरीय प्रशासन, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास समेत विभिन्न विभागों के सचिव उपस्थित रहे।




