ढाई साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़े चोर,आधी रात रायपुर के ज्वेलर्स में किए थे हाथ साफ,दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। थाना न्यू राजेन्द्र नगर इलाके की पलक ज्वेलर्स की दीवाल में छेद कर चोरी करने वाले 2 आरोपी पुलिस की पकड़ में हैं। मुखबिर से मिली जानकारी पर थाना न्यू राजेन्द्रनगर पुलिस, साइबर सेल और थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए चांदी के जेवरात वजनी करीबन 4 किलो 8 ग्राम बरामद किया गया। सामान की कीमत लगभग 2,50,000 रुपए आंकी गई है। घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी जब्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी कचना हाऊसिंग बोर्ड थाना खम्हारडीह निवासी नवीन विश्वकर्मा उर्फ सत्या ( 26 साल) और शुभांकर पटेल ( 19 साल) है। घटना की शिकायत पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना न्यू राजेन्द्र नगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। प्रकरण में अलग-अलग माध्यमों से लगातार अज्ञात आरोपी की पतासाजी की जा रही थी। प्रार्थिया अपने पलक ज्वेलर्स दुकान को 16.7.2019 की रात बंद कर घर चली गई थी। 17.07.2019 को दुकान खोली तो सामान बिखरा पड़ा था। दुकान के पीछे दीवार में एक बड़ा छेद था। दुकान में सोने, चांदी के जेवरात, नगदी रकम, कवरिंग सामान व अन्य सामान नहीं थे। अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में धारा 457, 380 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध कर मामला जांच में लिया गया था।