एआई बनेगा विकसित भारत की नई ताकत, कौशल और उद्यमिता को मिलेगी नई रफ्तार: लखन लाल देवांगन

रायपुर में डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय बिलासपुर और आइसेक्ट इंडिया ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘समर्थ भारत कॉन्क्लेव’ का समापन हुआ। इस कार्यक्रम में वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति उसका मानव संसाधन होता है। भारत दुनिया की सबसे युवा आबादी वाला देश है और इस युवा शक्ति को समय के अनुरूप कौशल से सशक्त बनाना सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आने वाले समय में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विकसित भारत के लिए एआई संचालित कौशल विकास, वित्तीय समावेशन और सामाजिक उद्यम विषय पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में एआई केवल एक तकनीक नहीं बल्कि अर्थव्यवस्था, कौशल और समाज को नई गति देने वाला इंजन साबित होगा।
उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक होगा जब इसका लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। डिजिटल तकनीक और एआई की मदद से आज आम नागरिक मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहा है। कार्यक्रम में मंत्री ने पांच युवा उद्यमियों को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. पी.के. घोष, आइसेक्ट के चेयरमेन डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी समेत बैंकिंग, उद्योग और विभिन्न क्षेत्रों के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




