छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

बिल्डरों को फायदा या जनता से धोखा? VIP रोड नाला प्रोजेक्ट पर उठे सवाल

रायपुर। रायपुर के VIP रोड स्थित विधायक कॉलोनी के पास 500 मीटर लंबे नाले का निर्माण इन दिनों विवादों में घिर गया है। आरोप है कि सीमांकन की प्रक्रिया पूरी हुए बिना ही निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने इस पूरे मामले पर सवाल उठाते हुए कहा कि नाले की जमीन से जुड़े अवैध कब्जों का मुद्दा अभी तक सुलझा नहीं है। इसके बावजूद बिना किसी लिखित अनुमति या औपचारिक सूचना के काम शुरू कर दिया गया, जो नियमों की अनदेखी को दर्शाता है।

स्थानीय पार्षद रेणु जयंत साहू पहले ही इस मामले में जोन कमिश्नर को कई बार पत्र लिखकर अनियमितताओं की शिकायत कर चुकी थीं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा था कि पहले सीमांकन पूरा किया जाए, उसके बाद ही निर्माण कार्य शुरू हो।

जोन कमिश्नर द्वारा भी पटवारी को सीमांकन के निर्देश दिए गए थे, लेकिन हैरानी की बात यह है कि पिछले एक महीने से निर्माण कार्य लगातार जारी है।

मौके पर निरीक्षण के दौरान यह खुलासा हुआ कि निर्माण कार्य केवल मौखिक अनुमति के आधार पर शुरू किया गया। इस पर आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि जल्दबाजी में किया जा रहा यह काम किसी बड़े बिल्डर को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से हो सकता है।

उन्होंने निगम की प्राथमिकताओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि जहां शहर में पीने के पानी जैसी मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं, वहीं नाला निर्माण के लिए अधिकारियों को दिन-रात लगाया गया है।

वहीं कांग्रेस नेता जयंत साहू ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “ट्रिपल इंजन सरकार” में आम जनता परेशान है, जबकि बड़े बिल्डरों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उनका आरोप है कि अधिकारी जमीनी हकीकत से दूर रहकर केवल औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button