Chhattisgarh Electricity Bill: बढ़े बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार से राहत की मांग

आरंग: छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आरंग विधानसभा क्षेत्र के भैंसा में मंडल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश मारकंडेय के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपकर बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने विशेष रूप से किसानों, मजदूरों, गरीब, मध्यम वर्ग और छोटे व्यवसायियों पर बढ़ रहे बिजली खर्च को लेकर चिंता जताई है।
ज्ञापन में कांग्रेस ने सरकार के समक्ष 5 प्रमुख मांगें रखी हैं—
- बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कर आम उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
- स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- आवश्यकता के अनुसार स्मार्ट मीटर बदले जाएं।
- स्मार्ट मीटर और बिजली बिल में सामने आ रही अनियमितताओं की जांच कर प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
- ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए विशेष व्यवस्था की जाए तथा किसानों, गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहे अतिरिक्त बिजली भार को कम करने के लिए आवश्यक जनहितकारी कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।
ज्ञापन पर भैंसा मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रकाश मारकंडेय के साथ जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल सिंह साहू, सेक्टर अध्यक्ष दिलीप सिंह कोठारी, मंडल प्रभारी दयाल दास मांडले सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
प्रदर्शन में भगवती धुरंधर, खुबी डहरिया, दुर्गा राय, राजेश धुरंधर, रोहित साहू, डुगेश साहू, सुरेखा राय, प्रकाश साहू, जितेंद्र नारंग, आनंद टंडन, गुरुचरण मिरी, लूकेश टंडन, अनिल माण्डले, कमलदेव साहू, धरम यादव, शत्रुहन रात्रे, थमलेश साहू, बिसाहू, रोहित सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




