छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

जहां कभी था नक्सल आतंक, आज वहीं शान से लहराया तिरंगा: दंतेवाड़ा में बोले विजय शर्मा

तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों नेताओं ने दंतेवाड़ा बस स्टैंड में आयोजित तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लोगों को संबोधित किया।

211 वीर बलिदानी जवानों को किया नमन

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले के 211 सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को निर्णायक सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा आज उन इलाकों से होकर गुजर रही है, जहां कभी नक्सल आतंक के कारण पहुंचना भी बेहद मुश्किल था। अब उन्हीं क्षेत्रों में पूरे गौरव और उत्साह के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है। यह बदलाव शांति, विकास और राष्ट्रभक्ति की नई तस्वीर पेश करता है।

केदार कश्यप ने की हर घर तिरंगा लगाने की अपील

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा लगाने और हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।

सांसद महेश कश्यप ने बताया ऐतिहासिक क्षण

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उन क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया और नक्सल आतंक के कारण आम लोगों का पहुंचना भी मुश्किल था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। अब इन क्षेत्रों में विकास और राष्ट्रभक्ति का नया वातावरण बन रहा है।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान बस्तर आईजी बद्रीनाथ मीणा, डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, डीएफओ रामकृष्ण रंगनाथ वाय सहित बड़ी संख्या में आमजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button