जगदलपुर में ‘इनोवेशन महाकुंभ’ में चमका छत्तीसगढ़ पर्यटन, संस्कृति और प्रकृति का अनोखा संगम बना आकर्षण

रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर और प्राकृतिक खूबसूरती को देशभर में नई पहचान दिलाने के लिए पर्यटन मंडल लगातार सक्रिय पहल कर रहा है। इसी दिशा में जगदलपुर में 4-5 मई को आयोजित “इनोवेशन महाकुंभ 1.0” में लगाया गया पर्यटन मंडल का स्टॉल खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इस स्टॉल में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को बेहद रचनात्मक और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। यहां आने वाले आगंतुकों को बस्तर के प्रसिद्ध जलप्रपात, घने जंगल, प्राचीन मंदिर और जनजातीय संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। साथ ही, पर्यटक सूचना केंद्र के अधिकारी लोगों को छत्तीसगढ़ के अनदेखे और कम चर्चित पर्यटन स्थलों की जानकारी भी दे रहे हैं।
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टॉल पर ब्रोशर और गाइड बुक्स भी वितरित किए जा रहे हैं। यहां मौजूद विशेषज्ञ आगंतुकों को पर्यटन सर्किट, यात्रा के साधन, स्थानीय व्यंजन और ठहरने की सुविधाओं के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दे रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक वादियों की ओर आकर्षित करना है।
“इनोवेशन महाकुंभ 1.0” जहां नए विचारों और उद्यमिता का मंच बन रहा है, वहीं पर्यटन मंडल की भागीदारी ने इस आयोजन में सांस्कृतिक रंग भी भर दिया है। इस मौके पर पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाओं और साझेदारी के अवसरों पर भी चर्चा हो रही है।
पर्यटन मंडल की सक्रिय भागीदारी से छत्तीसगढ़ को एक उभरते हुए वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में मजबूती मिल रही है। यह प्रयास राज्य की कला, संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा।



