छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सुशासन तिहार शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 534 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रहे सुशासन तिहार 2026 के तहत जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड की ग्राम पंचायत टेम्पू में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आसपास की 13 ग्राम पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं, मांगों तथा शासकीय योजनाओं से जुड़े आवेदन जमा किए।

कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने विभिन्न विभागों द्वारा चयनित हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों को अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में कुल 534 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच हितग्राहियों को उनके नए आवासों की चाबियां सौंपीं। कृषि विभाग ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए, जिससे उन्हें खेती के लिए आसान ऋण सुविधा मिल सकेगी।

स्कूल शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए और बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। वहीं उद्यानिकी एवं वन विभाग ने किसानों और ग्रामीणों को फलदार व अन्य पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच भरोसे को मजबूत कर रहा है तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button