Google के Firebase पर साइबर ठगों का बड़ा खेल! बैंक और PM-KISAN के नाम पर बना रहे थे फर्जी जाल

भारत सरकार ने Google के Firebase प्लेटफॉर्म पर चल रहे साइबर फ्रॉड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। सरकार ने Google को Firebase पर मौजूद सैकड़ों खातों और वेबसाइटों को हटाने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई ऐसे मामलों का पता चलने के बाद की गई, जिनमें साइबर ठग बड़े बैंकों और सरकारी योजनाओं का नाम इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बना रहे थे।
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र यानी I4C ने अगस्त में कम से कम 57 ऐसी वेबसाइट और डेटाबेस हटाने के लिए Google को नोटिस भेजे, जिनके बारे में कहा गया कि उनका इस्तेमाल मैलवेयर फैलाने और लोगों के संवेदनशील वित्तीय डेटा को चुराने के लिए किया जा रहा था। इनमें भारतीय स्टेट बैंक, ICICI Bank और Axis Bank जैसे प्रमुख बैंकों की नकल करने वाले फिशिंग पेज भी शामिल थे।
सरकारी नोटिस के अनुसार कुछ फर्जी ऐप बैंकिंग सेवाओं के नाम पर लोगों को डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करते थे। ठग क्रेडिट कार्ड, रिवॉर्ड रिडेम्पशन और क्रेडिट लिमिट बढ़ाने जैसे ऑफर का लालच देकर Android उपयोगकर्ताओं को निशाना बना रहे थे।
एक मामले में PM-KISAN योजना के नाम पर फर्जी वेबसाइट के जरिए लोगों को भुगतान हासिल करने के लिए ऐप डाउनलोड करने को कहा गया। इसके बाद ऐप के जरिए मोबाइल से डेटा हासिल कर उसे Firebase डेटाबेस तक पहुंचाया जाता था। साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं द्वारा ऐसे मैलवेयर को “Android God Mode” कहा गया है।
Reuters के अनुसार 2025 में भारत में साइबर फ्रॉड से लोगों को करीब 2.4 अरब डॉलर के नुकसान की बात सरकारी आंकड़ों में सामने आई थी। भारत में डिजिटल भुगतान के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधियों की गतिविधियां भी बढ़ रही हैं।
ये खबर भी पढ़ें—:



