महाराणा प्रताप के आदर्शों से राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा लें: अरुण साव, अष्टधातु प्रतिमा के लिए 20 लाख की घोषणा

रायपुर। भारत की गौरवशाली विरासत और वीरता के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती पर लोरमी में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उनके शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ऐसे महान योद्धा थे, जिन्होंने कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने सम्मान और मातृभूमि की रक्षा के लिए कभी समझौता नहीं किया।
सर्वोदय राजपूत राठौर क्षत्रिय समाज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप की अष्टधातु प्रतिमा के निर्माण के लिए 20 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘राष्ट्र प्रथम’ का संदेश हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और देश की संस्कृति, परंपरा व गौरव की रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
अरुण साव ने कहा कि राजपूत समाज शिक्षा, खेल, प्रशासन और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। युवाओं को महाराणा प्रताप के त्याग, साहस और देशभक्ति से सीख लेकर राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
समारोह में समाज के उत्कृष्ट शिक्षक, चिकित्सक, खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक, पूर्व सैनिक, समाजसेवी, गौसेवक और बोर्ड परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं रक्तदान शिविर में 55 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की, जिन्हें उप मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रबल प्रताप सिंह जूदेव सहित राजपूत समाज के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।



