दुर्ग को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की नई पहचान, BCCI की मदद से बनेगा वर्ल्ड क्लास स्टेडियम

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खेल जगत को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। जिला क्रीड़ांगन समिति की बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और कलेक्टर अभिजीत सिंह की मौजूदगी में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दी गई।
प्रस्ताव के तहत बैडमिंटन कोर्ट की जमीन को छोड़कर शेष परिसर को छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के माध्यम से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को 33 वर्षों की लीज पर देने की तैयारी की जा रही है। अंतिम स्वीकृति के लिए प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा जाएगा।
स्टेडियम निर्माण के लिए जर्जर हो चुके रविशंकर शुक्ल स्टेडियम और मानस भवन को हटाया जाएगा। साथ ही परिसर में मौजूद दुकानों को नियमों के अनुसार नोटिस देकर खाली कराया जाएगा और सभी अवरोधों को हटाकर निर्माण के लिए भूमि तैयार की जाएगी।
परियोजना के बेहतर संचालन के लिए जिला कोषालय अधिकारी को समिति का कोषाध्यक्ष और लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं DMF मद से बने आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट का संचालन और विस्तार भी जिला क्रीड़ांगन समिति के अधीन किया जाएगा।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद दुर्ग छत्तीसगढ़ के प्रमुख खेल केंद्र के रूप में उभरेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेंगी।




