स्तर में सुशासन तिहार की धूम, गांव-गांव पहुंचा प्रशासन और जनप्रतिनिधि

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत शुक्रवार को बस्तर जिले के दरभा विकासखंड के ग्राम ढोढ़रेपाल और बस्तर विकासखंड के ग्राम पंचायत मुरकुची में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं और विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
ढोढ़रेपाल शिविर में सांसद महेश कश्यप और चित्रकोट विधायक विनायक गोयल शामिल हुए। वहीं मुरकुची शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, कलेक्टर आकाश छिकारा सहित जिला और जनपद पंचायत के अधिकारी मौजूद रहे। जगदलपुर के रोटरी क्लब में भी सुशासन तिहार का आयोजन किया गया, जहां सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक विनायक गोयल ने बताया कि विभिन्न विभाग सीधे गांवों तक पहुंचकर योजनाओं की जानकारी और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
शिविर में करीब 7 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत वाले पांच विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी, स्कूली बच्चों को प्रमाणपत्र और गणवेश, किसानों को किसान किताब, मछुआरों को जाल और आइस बॉक्स, टीबी मरीजों को पोषण आहार तथा दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राई साइकिल वितरित की गई।
इसके अलावा लखपति दीदी, महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के लाभार्थियों ने मंच पर अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। शिविर में गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।




