इंग्लैंड क्रिकेट में बगावत, खिलाड़ियों ने सिस्टम को बताया ‘बेरहम’

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के भीतर बड़ा विवाद सामने आया है, जहां जॉनी बेयरस्टो ने टीम मैनेजमेंट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि टीम में शामिल नहीं रहने वाले खिलाड़ियों के साथ सही व्यवहार नहीं किया जा रहा है। इससे पहले लियाम लिविंगस्टोन भी इसी तरह की नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।
बेयरस्टो ने साफ कहा कि जो खिलाड़ी टीम से बाहर हो जाते हैं, उन्हें सिस्टम पूरी तरह नजरअंदाज कर देता है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर राष्ट्रीय टीम और काउंटी क्रिकेट के बीच दूरी इतनी ज्यादा क्यों हो गई है।
इंग्लैंड की हालिया एशेज हार के बाद भी कोच ब्रेंडन मैकुलम, कप्तान बेन स्टोक्स और मैनेजिंग डायरेक्टर रोब की को पद पर बनाए रखना भी आलोचना का विषय बना हुआ है। पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने भी इस पर सवाल उठाए हैं और टीम के अंदर जवाबदेही की कमी बताई है।
इस पूरे मामले ने इंग्लैंड क्रिकेट की आंतरिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और आने वाले समय में बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है।




