सेवा सेतु पोर्टल का असर: ऑनलाइन आवेदन के अगले दिन ही राशन कार्ड में जुड़ा बच्ची का नाम

छत्तीसगढ़ सरकार की सेवा सेतु पोर्टल पहल आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं तेज, पारदर्शी और आसान तरीके से उपलब्ध कराने में प्रभावी साबित हो रही है। इसका एक उदाहरण तब देखने को मिला, जब ग्राम तेलावट निवासी बसंत कुमार साहू ने अपनी तीन वर्षीय बेटी गेश्रीका का नाम राशन कार्ड में जोड़ने के लिए सेवा सेतु पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया।
आवेदन के महज अगले दिन ही उनकी बेटी का नाम राशन कार्ड में दर्ज कर दिया गया। इसके बाद अद्यतन राशन कार्ड की प्रति जिला कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने बसंत कुमार साहू को सौंपते हुए समयबद्ध सेवा वितरण की पहल को और मजबूत किया।
बसंत कुमार साहू ने त्वरित कार्रवाई पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती। घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर कम समय में ही आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से आम लोगों का समय और श्रम दोनों बच रहे हैं। साथ ही सरकारी सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी बन गई हैं, जिससे नागरिकों का भरोसा भी शासन की डिजिटल व्यवस्था पर बढ़ रहा है।




