छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

किरंदुल को विकास की नई सौगात: 7.19 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, ऑक्सीजोन पार्क जनता को समर्पित

किरंदुल में विकास कार्यों को नई गति देते हुए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने 7 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 4 करोड़ 14 लाख 85 हजार रुपये के कार्यों का लोकार्पण तथा 3 करोड़ 4 लाख 9 हजार रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इस दौरान ऑक्सीजोन में बस्तर के प्रसिद्ध ‘टाइगर बॉय’ चेंदरू की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान 3 करोड़ 26 लाख रुपये से अधिक की लागत से विकसित ऑक्सीजोन पार्क जनता को समर्पित किया गया। साथ ही नगर पालिका को बैक हो लोडर मशीन, सक्शन मशीन सह मेला टैंकर, ट्रैक्टर इंजन और पानी टैंकर जैसे आधुनिक संसाधन सौंपे गए। इनसे शहर की स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।

अरुण साव ने कहा कि ऑक्सीजोन पार्क केवल मनोरंजन स्थल नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और नागरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने नाला निर्माण, मुक्तिधाम निर्माण और विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया।

कार्यक्रम में बस पार्किंग और स्टेज-स्टैंड क्षेत्र में सीसी रोड एवं विद्युत व्यवस्था के लिए 1 करोड़ 58 लाख रुपये तथा अतिरिक्त सीसी रोड निर्माण के लिए 27 लाख रुपये की घोषणा की गई। नगर पालिका के 3 करोड़ 72 लाख रुपये के प्रस्तावित विकास कार्यों को स्वीकृति देने के साथ नए कार्यों के लिए अलग से 2 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की गई।

उप मुख्यमंत्री ने मलंगीर जलप्रपात से किरंदुल और बचेली तक पेयजल आपूर्ति की संभावनाओं पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि तकनीकी परीक्षण के बाद स्थायी और प्रभावी जल व्यवस्था की दिशा में कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में किरंदुल नगर पालिका क्षेत्र में 16 करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत और संचालित किए गए हैं। राज्य सरकार सड़क, पेयजल, स्वच्छता और शहरी अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

किरंदुल की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बैलाडीला पर्वतमालाओं की गोद में बसा यह नगर विकास और पर्यावरण संरक्षण के संतुलन के साथ एक आदर्श एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button