बॉलीवुड खबरें |Fourth Eye News |।Bollywood News

‘कृष 4’ पर लगा बजट का ब्रेक, ऋतिक रोशन की सुपरहीरो वापसी फिलहाल टली

बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय सुपरहीरो फ्रेंचाइज़ी ‘कृष’ के चौथे भाग का दर्शक लंबे समय से बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। ऋतिक रोशन को एक बार फिर मास्क और केप में देखने की चाह रखने वाले फैंस के लिए हालांकि यह इंतज़ार थोड़ा और लंबा हो सकता है।

‘कृष 4’ को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं और खुद ऋतिक रोशन ने इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा भी कर दी थी। खास बात यह थी कि इस बार ऋतिक न सिर्फ सुपरहीरो के रूप में वापसी करने वाले थे, बल्कि निर्देशन की कमान भी संभालने वाले थे। फिल्म को यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनाया जाना था।

लेकिन ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, बजट को लेकर असहमति के कारण फिल्म की रफ्तार थम गई है। बताया जा रहा है कि ऋतिक रोशन इस मेगा प्रोजेक्ट को करीब 500 करोड़ रुपये के बड़े पैमाने पर बनाना चाहते हैं, वहीं यशराज फिल्म्स के प्रमुख आदित्य चोपड़ा इसे 350 करोड़ रुपये के दायरे में रखने के पक्ष में हैं।

कई दौर की बातचीत के बाद फिलहाल ‘कृष 4’ को आगे बढ़ाने का फैसला टाल दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि ऋतिक रोशन इस फीडबैक को गंभीरता से ले रहे हैं और स्क्रिप्ट व बजट दोनों पर दोबारा काम कर रहे हैं। साथ ही वे फंडिंग के लिए अन्य स्टूडियो से बातचीत करने की संभावना भी तलाश रहे हैं।

इस बीच यह भी चर्चा है कि ‘कृष 4’ शुरू होने से पहले ऋतिक किसी नए प्रोजेक्ट का ऐलान कर सकते हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए फिल्म पर इस साल काम शुरू होना मुश्किल माना जा रहा है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि 2027 में ‘कृष 4’ फ्लोर पर जा सकती है, बशर्ते बजट का पेंच सुलझ जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button