Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

रांची में ‘माही-राट’ की महफ़िल: धोनी के घर डिनर पर जुटे विराट–पंत, फैंस बोले—ये असली है या AI?

'Mahi-Raat' gathering in Ranchi: Virat and Pant gather for dinner at Dhoni's house, fans ask - is this real or AI?

रांची पिछले 12–14 घंटों से एक ही चीज़ को लेकर गूंज रहा है—एमएस धोनी के शहर में पूर्व कप्तान विराट कोहली और ऋषभ पंत की मौजूदगी। सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रही क्लिप्स में धोनी, विराट को अपनी गाड़ी में घर ले जाते और बाद में वापस छोड़ते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक और वीडियो सामने आया जिसमें ऋषभ पंत धोनी के घर पहुंचते हैं, लेकिन फैंस उन्हें रोहित शर्मा समझकर ‘रोहित-रोहित’ चिल्लाने लगते हैं।

इस बीच असली और AI की बहस को हवा देते हुए लखनऊ सुपर जाइंट्स ने भी एक तस्वीर शेयर कर हलचल बढ़ा दी है। तस्वीर में धोनी, विराट और पंत डिनर टेबल पर बेहद रिलैक्स्ड अंदाज़ में बैठे नजर आ रहे हैं—बिना किसी एंगल, स्टाइल या शो-ऑफ के, बस सिंपल-सी प्लेट पर साधा खाना। LSG ने पोस्ट करते हुए लिखा—“हेटर्स इसे AI बताएंगे।”

असल में हुआ यह कि रांची वनडे से पहले धोनी ने विराट और पंत को अपने घर डिनर पर बुलाया। विराट खुद होटल से अपनी कार में पहुंचे और पंत ने भी महफ़िल पूरी कर दी। 30 नवंबर 2025 को जेएससीए स्टेडियम में होने वाले पहले वनडे से पहले यह मुलाकात फैंस के बीच बड़ी चर्चा बन गई है।

विराट और पंत का धोनी के प्रति सम्मान किसी से छुपा नहीं है। विराट ने एक बार बताया था कि जब उन्होंने टेस्ट कप्तानी छोड़ी, तो पूरे करियर में सिर्फ एक खिलाड़ी ने उन्हें निजी तौर पर संदेश भेजा—वो थे धोनी। पंत भी कई बार कह चुके हैं कि धोनी से तुलना करना गलत है, क्योंकि उनका अनुभव और सफ़र किसी और जैसा हो ही नहीं सकता।

टेस्ट में झटका खाने के बाद टीम इंडिया अब वनडे में धमाकेदार वापसी की तलाश में है। रोहित–कोहली की ‘ROKO’ जोड़ी की मौजूदगी से रांची में माहौल पहले ही गरम है। दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम के खिलाफ जीत फैंस के लिए बड़ी राहत होगी।

भारत की वनडे टीम: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान), ऋषभ पंत, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, नीतिश कुमार रेड्डी, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरैल।