Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का बीहड़ गांवों में जनसंवाद

Minister Laxmi Rajwada's public dialogue in rugged villages

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नेतृत्व में शुरू किए गए सुशासन तिहार 2025 के तहत महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े आज सूरजपुर जिले के ओड़गी ब्लॉक के दूरस्थ और बीहड़ गांवों में पहुंची। श्रीमती राजवाड़े ने ग्राम दूधो, बिलासपुर, भकुरा और माढ़र सहित कई पंचायतों में जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। अधिकारी जिम्मेदारी से कार्य करें, लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने ग्राम दूधो में पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए जल संसाधन विभाग को शीघ्र जल आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं बिलासपुर पंचायत में राशन कार्ड निर्माण में अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई और दोषियों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंत्री ने नामांतरण और फौती नामांतरण मामलों में ग्राम पटवारी की गड़बड़ी पर तहसीलदार को तुरंत जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। ग्राम पंचायत भकुरा और माढ़र के ग्रामीणों ने सड़क, राशन, आवास और पेंशन जैसी बुनियादी समस्याएं रखीं, जिन पर श्रीमती राजवाड़े ने प्रत्येक विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता को तत्काल राहत दी जाए।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य श्री बाबूलाल मरापो, जनपद सदस्य श्रीमती गीता सिंह, श्रीमती अनीता पैकरा, सरपंच श्री कंवल प्रसाद, उपसरपंच श्री नारायण दत्त और चितावन राजवाड़े सहित वन, कृषि, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।