वेदांता प्लांट हादसे के बाद मंत्री का दौरा, घायलों के इलाज और मुआवजे पर बड़ा अपडेट

रायपुर। रायगढ़ में हुए वेदांता प्लांट हादसे के बाद प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम और आबकारी विभाग के कैबिनेट मंत्री लखन देवांगन ने गुरुवार को अस्पतालों का दौरा कर घायलों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों और अधिकारियों से चर्चा कर इलाज की गुणवत्ता, आईसीयू व्यवस्था और विशेषज्ञों की उपलब्धता की समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मिले।
मंत्री ने इस दौरान अस्पतालों में भर्ती श्रमिकों से मुलाकात की और ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनकी स्थिति जानी।
गौरतलब है कि 14 अप्रैल को सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित प्लांट में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें 36 श्रमिक प्रभावित हुए। इनमें से 20 की मौत हो चुकी है, जबकि 16 का इलाज जारी है। घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों को रायगढ़ के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया।
घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और हालात की निगरानी कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मृतकों के परिजनों से संपर्क कर सहायता प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रभावित श्रमिकों को स्वस्थ होने तक बिना उपस्थिति के वेतन देने पर सहमति बनी है। मुआवजे को लेकर भी सहमति बन गई है और मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। वहीं प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के लिए 2 लाख और घायलों के लिए 50 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
कंपनी प्रबंधन ने भी जिम्मेदारी लेते हुए मृतकों के परिवारों को 35 लाख रुपये, रोजगार सहायता और घायलों को 15 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। साथ ही घायलों को पूरी तरह स्वस्थ होने तक वेतन और काउंसलिंग सुविधा भी दी जाएगी।




