छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

बोड़ला को विकास की बड़ी सौगात: 6 करोड़ से ज्यादा के काम, खेल मैदान से लेकर पानी तक बड़ी पहल

रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नगर पंचायत बोड़ला के विकास को नई गति देते हुए 6 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात दी। स्थानीय हॉकी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पूजा-अर्चना के साथ कई परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया, वहीं डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन सहित अन्य कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों को बेहतर सुविधाओं से लैस करना सरकार की प्राथमिकता है। खेल मैदानों के विस्तार, मजबूत आधारभूत ढांचे और सामुदायिक विकास से बोड़ला के भविष्य को नई दिशा मिलेगी।

नगर में अब बांध आधारित पेयजल व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत फिल्टर प्लांट से शुद्ध पानी सीधे घरों तक पहुंचेगा। इसे लंबे समय से लंबित मांग की पूर्ति बताते हुए उन्होंने इसे टिकाऊ और प्रभावी व्यवस्था बताया।

नक्सलवाद पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बस्तर में अब बदलाव साफ दिख रहा है। पुनर्वास नीति के तहत हजारों लोग मुख्यधारा में लौटे हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने के लिए विधानसभा तक पहुंच रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से नक्सलवाद खत्म करने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।

इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों की पहचान के लिए हर जिले में टास्क फोर्स बनाई गई है और टोल फ्री नंबर जारी कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

करीब 5.12 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिसमें उन्नत हॉकी मैदान, सड़क, नाली, टैंक, शौचालय, सामुदायिक भवन और लाइटिंग जैसे कई काम शामिल हैं। वहीं 90 लाख रुपए से अधिक के कार्यों का लोकार्पण भी हुआ, जिसमें अंबेडकर भवन और अन्य सामुदायिक सुविधाएं शामिल हैं।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से बोड़ला में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button