छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

हिंदुस्तान ही नहीं दुनिया में सबसे झूठ बोलने वाले नरेंद्र मोदी को हराना है -कवासी

रायपुर। बस्तर में आज राहुल गांधी की बड़ी जनसभा हुई। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा ने कहा कि कश्मीर से कन्या कुमारी तक अगर कोई नरेंद्र मोदी का मुकाबला कर सकता है तो वे राहुल गांधी हैं। कवासी ने कहा कि हिंदुस्तान ही नहीं दुनिया में सबसे झूठ बोलने वाले नरेंद्र मोदी को हराना है। अगर ये 400 सीटें जीतेंगे तो हमारा आरक्षण खत्म करेंगे। ये अकेले कांग्रेस या कवासी लखमा का नहीं बल्कि बस्तर के आदिवासियों का चुनाव है। बीजेपी ने कहा था काले धन से 15-15 लाख देंगे, आपको 15 पैसे भी मिलेंगे। महंगाई कम हुई क्या।

कवासी ने कहा कि बीजेपी के लोग बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। मैंने कोंटा से लगातार 6 बार चुनाव जीता है। अब दिल्ली में बस्तर की आवाज बुलंद करनी है। बस्तर में रेल नहीं है। अगर मैं चुनाव जीता, राहुल गांधी चुनाव जीते तो छह महीने में बस्तर को रेल मिलेगी। उन्होंने कहा कि बस्तर में कई प्रदेशों के लोग रहते हैं। हमारे पास आवाज नहीं होने के कारण ये इलाका परिवहन सुविधाओं से लैस नहीं है। सरकार बनी तो बड़ा एयरपोर्ट बनाएंगे।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि ये लोकसभा का चुनाव देश का चुनाव है। इससे देश की दशा और दिशा बदलेगी। पिछले 24 साल में 2019 में हमने बस्तर लोकसभा सीट को जीता। अब प्रदेश की सभी 11 सीटें जीतने की जिम्मेदारी है। कांग्रेस को जिताकर राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाना है। बैज ने कहा कि हमें बस्तर को बचाना है, बस्तर के आदिवासियों को बचाना है। नगरनार स्टील प्लांट को बचाना है। प्रदेश में हमारी 5 साल सरकार रही तो हमने अशांत बस्तर को शांत किया। लेकिन बीजेपी सरकार आते ही बस्तर अशांत हो गया। हम गोबर का पैसा देते थे, साय-साय सरकार ने उसे बंद कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button