बेमेतरा में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आगाज़, 96 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी ‘दो बूंद जिंदगी की’

बेमेतरा। राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के अवसर पर रविवार को 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु (एमसीएच) अस्पताल, बेमेतरा से जिला स्तरीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई। विधायक दीपेश साहू और नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया तथा अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की “दो बूंद जिंदगी की” अवश्य पिलाएं।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सा विशेषज्ञों और बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी रही। अभियान के तहत जिले के 96,085 बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 801 पोलियो बूथ बनाए गए हैं और 14 ट्रांजिट टीमों को तैनात किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर ने बताया कि बूथ दिवस पर निर्धारित केंद्रों में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जबकि अगले दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा देंगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि भारत ने पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर ऐतिहासिक जीत हासिल की है, लेकिन इसे बरकरार रखने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे और सभी लोग अपने आसपास के परिवारों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करें।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े ने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए जिला से लेकर बूथ स्तर तक विशेष टीमों का गठन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, शिक्षा विभाग तथा मितानिन कार्यक्रम के संयुक्त प्रयासों से अभियान को सफल बनाने की दिशा में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।




