खेल समाचार | क्रिकेट, फुटबॉल, ओलंपिक | Fourth Eye News।Sports

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड को बड़ा झटका, माइकल ब्रेसवेल चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर

टी20 विश्व कप 2026 के बीच न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है। टीम के अनुभवी ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। 34 वर्षीय ब्रेसवेल के बाएं पैर की पिंडली में पुरानी चोट फिर से उभर आई है, जिससे उन्हें कम से कम तीन हफ्ते तक मैदान से दूर रहना पड़ेगा।

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके बाहर होने की पुष्टि की है। ब्रेसवेल को यह चोट पहली बार जनवरी में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी थी। इसी कारण वे भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में भी नहीं खेल पाए थे। लंबे समय तक रिहैब और फिटनेस पर काम करने के बाद उन्होंने वापसी की कोशिश की, लेकिन चोट दोबारा उभरने से उनका विश्व कप अभियान अधूरा रह गया।

मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने ब्रेसवेल के बाहर होने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि ब्रेसवेल टीम के लिए बेहद समर्पित खिलाड़ी हैं और उन्होंने वापसी के लिए कड़ी मेहनत की थी। कोच को भरोसा है कि वे मजबूत इरादों के साथ जल्द वापसी करेंगे।

गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब ब्रेसवेल किसी बड़े टूर्नामेंट से बाहर हुए हों। इससे पहले 2023 वनडे विश्व कप में भी एड़ी की गंभीर चोट के चलते वे टीम का हिस्सा नहीं बन सके थे।

ब्रेसवेल की जगह कोल मैककॉन्ची को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया गया है। कैंटरबरी किंग्स के कप्तान मैककॉन्ची 13 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले टीम से जुड़ेंगे। वे न्यूजीलैंड के लिए 12 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं और गेंदबाजी में उपयोगी योगदान दे चुके हैं। कोच वाल्टर ने उन्हें अनुभवी और भरोसेमंद ऑलराउंडर बताया है।

हालांकि इस झटके के बावजूद न्यूजीलैंड टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। कप्तान मिशेल सेंटनर की अगुवाई में टीम ने अफगानिस्तान और यूएई को हराकर टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की है। यूएई के खिलाफ मुकाबले में फिन एलन और टिम सीफर्ट की आक्रामक बल्लेबाजी ने 10 विकेट की आसान जीत दिलाई।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button