Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

संविधान दिवस पर टाउन हॉल में गूंजा ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’

On Constitution Day, the Town Hall resonated with the slogan 'Our Constitution, Our Self-Respect'.

राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में 75वें संविधान दिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रम “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी ने माहौल को और भी गरिमामय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई, जिसमें मुख्यमंत्री ने भी नागरिकों के साथ स्वर मिलाकर संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

टाउन हॉल परिसर में लगी संविधान विषयक प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का विस्तार से अवलोकन किया, संविधान पर आधारित लघु फिल्म देखी और जनप्रतिनिधियों के साथ इस खास पल को यादगार बनाते हुए सेल्फी भी ली।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जो संविधान पर आस्था रखते हुए सतत प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि संविधान हर नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है और यही अधिकार लोकतंत्र की मूल शक्ति है।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि आम नागरिकों का विधायक और सांसद जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुँचना संविधान की उदार और समावेशी व्यवस्था का प्रमाण है।

संविधान निर्मात्री सभा और उसमें देशभर के प्रतिनिधियों के योगदान को याद करते हुए उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ जनों की भूमिका को गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक भागीदारी आज भी प्रेरणा देती है और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती में उसकी अहम भूमिका है।

कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।