जशपुर की सियान गुड़ी बनी बुजुर्गों का सहारा, स्वास्थ्य और सम्मान का नया केंद्र

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में संचालित सियान गुड़ी वरिष्ठ नागरिकों के लिए देखभाल, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक जुड़ाव का भरोसेमंद केंद्र बनकर सामने आई है। समाज कल्याण विभाग की इस पहल के तहत जिले में अब तक 94 बुजुर्गों का पंजीयन किया जा चुका है। इनमें से 32 वरिष्ठ नागरिकों को नियमित फिजियोथेरेपी की सुविधा दी जा रही है, जिससे उन्हें शारीरिक तकलीफों से राहत मिल रही है।
हाल ही में जिला अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने सियान गुड़ी और नशामुक्ति केंद्र पहुंचकर बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त जांच की। टीम में चिकित्सा अधिकारी, मनोवैज्ञानिक, मनोरोग नर्स और लैब तकनीशियन शामिल थे। विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य परामर्श, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सलाह और काउंसिलिंग भी प्रदान की।
सियान गुड़ी में हर दिन सुबह 10 बजे से बुजुर्ग मनोरंजक, सामाजिक और स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों में भाग लेते हैं। शाम 6 बजे सुंदरकांड पाठ के माध्यम से आध्यात्मिक और मानसिक शांति का वातावरण तैयार किया जाता है।
इस केंद्र से लाभान्वित बुजुर्गों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सियान गुड़ी उनके लिए सम्मान, अपनापन और सुरक्षा का स्थान बन चुकी है। समाज कल्याण विभाग ने जिले के सभी वरिष्ठ नागरिकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
