मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की पहल से छात्रा की लौटी सुनने की क्षमता, पढ़ाई को मिली नई रफ्तार

जशपुर जिले के बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी केंद्र बनता जा रहा है। यहां पहुंचने वाले आवेदनों पर तेजी से कार्रवाई कर जरूरतमंदों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जा रही है। इसी पहल का लाभ जशपुर जिले के कुनकुरी तहसील के ग्राम गिरहलडीह निवासी रामपति बाई की श्रवण बाधित बेटी दीपिका कुमारी को मिला।
रामपति बाई ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देकर बताया था कि उनकी बेटी दीपिका को सुनने में परेशानी होने के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। दीपिका आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पतराटोली (विकासखंड दुलदुला) में कक्षा 9वीं की छात्रा है और कक्षा में शिक्षकों की बातें स्पष्ट रूप से नहीं सुन पाने से उसे पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
आवेदन प्राप्त होने के बाद मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाज कल्याण विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग ने जनपद पंचायत दुलदुला के माध्यम से छात्रा को शीघ्र श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया।
श्रवण यंत्र मिलने के बाद दीपिका ने बताया कि अब वह कक्षा में शिक्षकों की बातें स्पष्ट रूप से सुन और समझ पा रही है। इससे उसकी पढ़ाई पहले की तुलना में काफी आसान हो गई है और उसे आत्मविश्वास भी मिला है।
दीपिका और उनकी माता रामपति बाई ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से उनकी समस्या का समय पर समाधान हुआ, जिससे छात्रा के बेहतर भविष्य की राह आसान हुई।
गौरतलब है कि बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और दिव्यांगजन सहायता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी मामलों में प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। इससे पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंच रहा है और शासन के प्रति लोगों का भरोसा भी मजबूत हो रहा है।




