छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कोरबा में नशामुक्ति का संकल्प, युवाओं से विकसित भारत-2047 के निर्माण में भागीदारी की अपील

कोरबा के शासकीय ई.वी.पी.जी. महाविद्यालय में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने देशभर के युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।

मुख्य अतिथि वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि नशा व्यक्ति के भविष्य और परिवार दोनों को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करेंगे। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान का भरोसा भी दिलाया।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नशे की वजह से परिवार टूट रहे हैं और अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने युवाओं से समाज में जागरूकता फैलाने और नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सभी छात्र-छात्राओं को नशामुक्त जीवन की शपथ भी दिलाई गई।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर गलत संगति से होती है, इसलिए शुरुआत में ही इससे दूरी बनाना सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और युवाओं को किसी भी दबाव में आकर नशे की ओर नहीं बढ़ना चाहिए। उन्होंने “नशे को ना कहें, जिंदगी को हाँ” का संदेश देते हुए माय भारत फॉर युवा अभियान की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि जिले में 58 हजार युवाओं को इस अभियान से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक 32 हजार से अधिक युवा शामिल हो चुके हैं। समाज कल्याण विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से हर सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, प्राध्यापकों, एनएसएस स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button