नशा मुक्त भारत के संकल्प संग युवाओं ने लगाए 75 अशोक के पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रायपुर। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को आईसीएआर-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (आईसीएआर-एनआईबीएसएम), रायपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए वृक्षारोपण, खेलकूद और सामाजिक सेवा जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि उनमें पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने अशोक का पौधा लगाकर की। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली नहीं बढ़ाते, बल्कि स्वस्थ समाज और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव भी रखते हैं। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति से जुड़ाव ही स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज की सबसे बड़ी प्रेरणा बन सकता है। उनका कहना था कि जब युवा अपनी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों में लगाएंगे, तभी नशा मुक्त भारत का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम में संस्थान के स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के साथ वैज्ञानिकों, तकनीकी अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर संस्थान परिसर में करीब 75 अशोक के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस दौरान डॉ. पंकज शर्मा और डॉ. अनिल दीक्षित ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश देते हुए कहा कि यदि हर नागरिक हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों का प्रभाव काफी हद तक कम किया जा सकता है।
संस्थान का यह अभियान युवाओं को प्रकृति से जोड़ने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और विकसित व नशामुक्त भारत के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. के. सी. शर्मा ने किया।



