‘मेरे सपनों का भारत’ में दिखी बच्चों की कल्पना, चित्रों और भाषणों से दिया विकसित भारत का संदेश

कोंडागांव जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जामकोटपारा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता समेत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में आयुष सिंह ने पहला और इशांत देवांगन ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में करनदीप ने प्रथम तथा तोशन दीवान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने अपने विचारों और रचनात्मक अभिव्यक्ति के जरिए सेवा, स्वच्छता, डिजिटल भारत और विकसित भारत 2047 जैसे विषयों पर प्रभावशाली संदेश दिए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नाटक के जरिए स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र और शहर को साफ-सुथरा रखने की अपील की। वहीं चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत की अपनी कल्पना को रंगों और आकर्षक चित्रों के जरिए सामने रखा।
डिजिटल भारत और स्वच्छ भारत समेत कई विषयों पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। प्रतियोगिताओं और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पना, विचार और भविष्य के भारत की तस्वीर प्रस्तुत करने का मंच मिला।



