सुशासन तिहार बना सहारा: दूरस्थ कापू में दिव्यांग और बुजुर्गों को मिली नई उम्मीद

रायगढ़ जिले में आयोजित सुशासन तिहार 2026 जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव की नई कहानी लिख रहा है। धरमजयगढ़ विकासखंड के दूरस्थ ग्राम कापू में लगे जनसमस्या निवारण शिविर में समाज कल्याण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए।
शिविर के दौरान कापू निवासी सुरेश यादव को आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए ट्रायसाइकिल प्रदान की गई, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी अधिक आसान और आत्मनिर्भर बन गई। वहीं एक दृष्टिबाधित महिला को ब्लाइंड स्टिक देकर सुरक्षित आवागमन में सहायता दी गई। अघनमती, रतनराम, रामसाय और बोदोबाई तिर्की समेत कई वरिष्ठ नागरिकों को वॉकिंग स्टिक उपलब्ध कराई गई।
समाज कल्याण विभाग ने शिविर में मिले आवेदनों का त्वरित सत्यापन कर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा। ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, ब्लाइंड स्टिक और पेंशन स्वीकृति पत्रों का वितरण कर जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य अंतिम छोर तक बैठे हर पात्र व्यक्ति तक सहायता और सुविधाएं पहुंचाना है।



