
रायपुर। रायपुर से सांसद चुने गए बृजमोहन अग्रवाल ने साय कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। वह प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री थे,बुधवार को साय कैबिनेट की बैठक में बृजमोहन शामिल होने के लिए पहुंचे थे। वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को अपना इस्तीफा सौंपा।
इस्तीफा देने के बाद बृजमोहन अग्रवाल भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि, इतने साल मंत्री रहा, किसी को कोई कष्ट हुआ तो माफ कर दे। बृजमोहन अग्रवाल अब तक संसदीय कार्य मंत्री थे, उनके इस्तीफे के बाद चर्चा है कि मंत्री राम विचार नेताम को जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि दो दिन पहले ही 17 जून को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उन्होंने इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को सौंपा था। तब मीडिया से बृजमोहन ने कहा था कि केंद्रीय नेतृत्व में सांसद का चुनाव लड़वाया है, तो सोच समझकर लड़ाया होगा। मुख्यमंत्री के अधिकारों में है कि वे 6 महीने तक मंत्री रख सकते हैं।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, मैंने 36गढ़ विधानसभा की सदस्यता एक दिन पहले त्यागी थी और आज मैंने अपना मंत्री पद त्यागा है। मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों ने आज मेरा लोकसभा चुनाव जीतने पर स्वागत किया है, मैं सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। मेरे कार्यकाल में अगर किसी को कोई तकलीफ हुई है तो उनसे मैं क्षमा चाहता हूं। जनता और कार्यकर्ताओं का लगाव और प्रेम अब तक जैसा मुझे मिला है, उम्मीद करता हूं आगे भी वैसा ही मिलता रहेगा। मैं जनता की आवाज पहले छत्तीसगढ़ में था अब संसद में बनूंगा।