ट्राइबल गेम्स का रंग बस्तर में चढ़ा: एथलेटिक्स मुकाबलों से पहले जगदलपुर में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत

रायपुर। आदिवासी खिलाड़ियों की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच देने वाले इस खास आयोजन की मेजबानी कर छत्तीसगढ़ ने इतिहास रच दिया है। यह पहला अवसर है जब राज्य स्तर पर इतना बड़ा ट्राइबल स्पोर्ट्स इवेंट आयोजित हो रहा है, जो जमीनी स्तर पर खेलों में भागीदारी और आदिवासी सशक्तिकरण को नई दिशा दे रहा है।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर स्थित धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में 30 मार्च से 2 अप्रैल तक एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जैसे-जैसे तारीख नजदीक आ रही है, पूरे क्षेत्र में खेलों का उत्साह साफ दिखाई देने लगा है।
इसी कड़ी में केरल से आई 17 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम आज जगदलपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। पारंपरिक अंदाज में हुए इस स्वागत ने खिलाड़ियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
स्थानीय कलाकारों ने भी इस मौके को खास बना दिया। गौर नृत्य दल ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में ढोल की थाप पर मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने माहौल को उत्सव में बदल दिया। लंबी यात्रा के बाद पहुंचे खिलाड़ियों ने इस सांस्कृतिक स्वागत का भरपूर आनंद लिया और अपनी थकान भूल गए।
प्रशासन ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यह आयोजन न केवल देशभर की खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति को भी राष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।




