छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: आंधी-बारिश से गर्मी पर ब्रेक, कोरबा में पेड़ गिरने से 3 युवकों की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने लगी है। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसी बीच शनिवार को अचानक बदले मौसम ने कोरबा जिले में दर्दनाक हादसे को जन्म दिया। पाली थाना क्षेत्र में बारिश और तूफान से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े तीन युवकों पर भारी डाल टूटकर गिर गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
राजधानी रायपुर सहित सरगुजा और पेंड्रा क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।



