छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

पत्थलगांव और जशपुर को मिल रहे नए ऑडिटोरियम से सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर प्रदेश में अधोसंरचना विकास को नई दिशा मिल रही है। इसी कड़ी में पत्थलगांव में ऑडिटोरियम निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग से चार करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे पहले नगर पालिका जशपुर के वार्ड क्रमांक सोलह में ऑडिटोरियम निर्माण हेतु छह करोड़ छिहत्तर लाख पचपन हजार रुपए की स्वीकृति दी जा चुकी है।

यह ऑडिटोरियम स्थानीय लोगों के लिए एक आधुनिक और सुव्यवस्थित मंच उपलब्ध कराएगा जहां विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन संभव हो सकेगा। नाटक, संगोष्ठी, सेमिनार, प्रशिक्षण कार्यक्रम और सरकारी आयोजनों जैसे कार्यक्रमों को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया जा सकेगा। इससे युवाओं, कलाकारों और छात्रों को अपनी प्रतिभा और विचारों को साझा करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। उनकी प्राथमिकताओं में जनसुविधा, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और कृषि विकास जैसे क्षेत्र प्रमुख रूप से शामिल हैं। लगातार मिल रही प्रशासकीय स्वीकृतियों और योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन से प्रदेश की जनता को सीधे लाभ मिल रहा है।

ऑडिटोरियम निर्माण जैसे प्रोजेक्ट न केवल स्थानीय रचनात्मकता को प्रोत्साहित करेंगे, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर को भी संरक्षित करने में सहायक सिद्ध होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button