छत्तीसगढ़

कांग्रेस की पहली सूची में 30 में से पांच नए चेहरे हैं जो लड़ेंगे पहली बार चुनाव

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने रविवार को अपनी पहली सूची जारी कर दी है . कांग्रेस की पहली सूची में 30 में से पांच नए चेहरे हैं जो कि पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इनमें अंतागढ़ से रूपसिंह पोटाई, दंतेवाड़ा से K छविंद्र महेंद्र कर्मा, राजनांदगांव से गिरीश देवांगन, पंडरिया से नीलकंठ चंद्रवंशी और डोंगरगढ़ से हर्षिता स्वामी बघेल का नाम शामिल है। अंतागढ़ सीट से युवा नेता रूपसिंह पोटाई को प्रत्याशी बनाया गया है। 34 साल के पोटाई कोयलीबेड़ा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बारदा के दो बार सरपंच रहे हैं। वे सरपंच संघ के ब्लाक अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

क्षेत्र में कांग्रेस के आदिवासी युवा नेता के रूप में उन्होंने अपनी पहचान बनाई है। दंतेवाड़ा सीट से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छविंद्र कर्मा चुनाव लड़ेंगे। छविंद्र कांग्रेस के दबंग नेता रहे स्वर्गीय महेन्द्र कर्मा के पुत्र हैं। अभी उनकी मां देवती कर्मा यहां से विधायक हैं। 2018 के चुनाव में भी छविंद्र ने टिकट मांगा था, लेकिन तब पार्टी ने देवती कर्मा पर ही भरोसा जताया था। डोंगरगढ़ में कांग्रेस ने जिला पंचायत सदस्य हर्षिता स्वामी बघेल को उम्मीदवार बनाया है। वह पहली बार विधानसभा चुनाव के मैदान में हैं। वे अविभाजित मध्य प्रदेश में मंत्री रहे स्वामी टुमन लाल की बेटी है।

राजनांदगांव सीट से कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के खिलाफ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन को मैदान में उतारा है। वे बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खरोरा के मूल निवासी हैं। गिरीश देवांगन वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कबीरधाम जिले के अध्यक्ष नीलकंठ चंद्रवंशी को पंडरिया से टिकट मिली है। मंत्री मोहम्मद अकबर के करीबी नेताओं में से एक नीलकंठ चंद्रवंशी 2004 में जिला युवक कांग्रेस के महामंत्री रह चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button