छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सालों का इंतजार खत्म, गन्ना किसान का सपना हुआ पूरा; शेयरधारी बनकर बोले- अब यह हमारा अपना कारखाना

कबीरधाम जिले के ग्राम सूरजपुरा के किसान रामरतन जायसवाल का वर्षों पुराना सपना आखिरकार पूरा हो गया। लंबे समय से भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना, राम्हेपुर में गन्ना बेचने वाले रामरतन अब कारखाना के अंशधारी सदस्य बन गए हैं। शेयर प्रमाण पत्र मिलने के बाद उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें महसूस होता है कि यह कारखाना वास्तव में उनका अपना है।

रामरतन जायसवाल कई वर्षों से गन्ने की खेती कर अपनी उपज कारखाना में बेचते रहे हैं। उनकी इच्छा थी कि वे भी कारखाना के अंशधारी सदस्य बनें, लेकिन यह सपना लंबे समय तक अधूरा रहा। सरकार की पहल से गैर-अंशधारी किसानों को भी शेयर प्रमाण पत्र देकर सदस्य बनाए जाने के बाद उनकी यह इच्छा पूरी हो गई।

उन्होंने कहा कि अब वे सिर्फ गन्ना बेचने वाले किसान नहीं, बल्कि कारखाना के भागीदार भी हैं। इससे कारखाना के विकास में उनकी भागीदारी और जिम्मेदारी दोनों बढ़ी हैं। अंशधारी सदस्य बनने के बाद उन्हें कारखाना की विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिलेगा और रियायती दर पर शक्कर भी उपलब्ध होगी, जिससे परिवार को सीधा फायदा होगा।

रामरतन का मानना है कि यह फैसला हजारों गन्ना उत्पादक किसानों के हित में उठाया गया अहम कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि वर्षों से लंबित मांग पूरी होने से किसानों में नया उत्साह पैदा हुआ है। अब किसान अधिक गन्ना उत्पादन कर कारखाना को और मजबूत बनाने के लिए प्रेरित होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button