
रायपुर। कर्नाटक चुनाव में शुरुआती रुझानों में कांग्रेस को भारी बहुमत मिलने पर पार्टी में खुशी की लहर है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ में भी पार्टी के समर्थकों और कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। कर्नाटक के नतीजों को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा बयान आया है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, इस चुनाव में नरेंद्र मोदी का फैक्टर नहीं चला। अब नरेंद्र मोदी का जादू खत्म हो गया है। भाजपा ने इस चुनाव में धार्मिक ध्रुवीकरण करने की कोशिश की। नतीजों से यह साफ हो गया कि बजरंगबली अब कांग्रेस के साथ है। जो कांग्रेस मुक्त की बात करते थे वो अब कर्नाटक से मुक्त हो गए हैं। सीएम बघेल ने कहा, हिमाचल प्रदेश के बाद अब कर्नाटक में मिली जीत से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।मुख्यमंत्री बघेल ने मीडियोकर्मियोंं और लोगों को मिठाई बांटकर खुशी जताई। कांग्रेस की जीत पर उन्होंने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, बजरंगबली जी के गदा का कड़ा प्रहार, भ्रष्टाचारी भाजपा की हो रही हार। भ्रष्टाचार और नफ़रत के खिलाफ छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान से शुरू हुए संदेश को हिमाचल के बाद अब कर्नाटक ने स्वीकार करते हुए देश को रास्ता दिखाया है। 2024 में भारत जुड़ेगा, नफ़रत हारेगी।