Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

कम खर्च में बेहतर बिजली का समाधान बनी सूर्य घर योजना

Surya Ghar Yojana became a solution for better electricity at low cost

रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आज निम्न और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए सस्ती, सुलभ और भरोसेमंद बिजली का साधन बनकर उभरी है। इस योजना की बदौलत देश के लाखों घरों में अब बिना किसी अतिरिक्त भार के सौर ऊर्जा से रोशनी फैल रही है।

बालोद जिले के गुरूर विकासखण्ड के ग्राम पलारी निवासी किसान बसंत लाल साहू ने अपने घर पर 3 किलोवॉट का सोलर पावर प्लांट लगवाया है। उन्होंने बताया कि पहले बिजली बिल काफी आता था, लेकिन अब सोलर सिस्टम लगने के बाद खर्च बहुत कम हो गया है और बिजली की सुविधा भी बेहतर हो गई है।

बसंत लाल ने बताया कि सोलर पैनल लगाने के लिए कुल 1.40 लाख रुपये की लागत आई, जिसमें उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। अब उनके घर में पंखा, कूलर, पानी की मोटर और लाइट जैसी सभी सुविधाएं निर्बाध रूप से मिल रही हैं।

उन्होंने योजना की तारीफ करते हुए कहा कि यह उनके जैसे किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। पहले उनका परिवार पारंपरिक बिजली आपूर्ति पर निर्भर था, लेकिन अब सोलर सिस्टम की मदद से उन्हें अधिक सुविधा कम लागत में मिल रही है।

बसंत लाल ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार ने आम जनता के हित में जो कदम उठाया है, वह सराहनीय है। उन्होंने दोनों सरकारों का आभार व्यक्त किया और इस योजना को हर जरूरतमंद तक पहुंचाने की अपील की।