सरगुजा में शान से लहराया तिरंगा, गणतंत्र दिवस समारोह में दिखा उत्साह और अनुशासन

सरगुजा जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे जोश, उल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश भी पढ़कर सुनाया।
समारोह के दौरान तिरंगे के प्रतीक स्वरूप रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। शहीद जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सराहा गया। विभिन्न विभागों की झांकियों के माध्यम से जिले में चल रही विकास योजनाओं और उपलब्धियों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया।
शानदार मार्च पास्ट ने बढ़ाया गौरव
परेड इन कमाण्डर रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत और सेकेण्ड परेड इन कमाण्ड उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज के नेतृत्व में 14 टुकड़ियों ने अनुशासन और तालमेल के साथ भव्य मार्च पास्ट किया। देशभक्ति धुनों पर कदम से कदम मिलाते दलों का प्रदर्शन दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
83 अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित
समारोह में विभिन्न विभागों के 83 अधिकारी-कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, नगर निगम अम्बिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।




