रायपुर में सिटी गैस परियोजना की शुरुआत, पाइपलाइन गैस और CNG से बदलेगी ऊर्जा तस्वीर

रायपुर। राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पाइपलाइन गैस की सुविधा की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इस अवधि में प्रदेश ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। सिटी गैस अवसंरचना परियोजना को उन्होंने विकास यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उनके अनुसार यह पहल स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने बताया कि अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन से गैस उपलब्ध होगी। इससे रिफिलिंग की परेशानी खत्म होगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी। सस्ती और सुलभ ऊर्जा मिलने से उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा और निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी।
एचसीजी समूह से अपेक्षा जताई गई कि रायपुर के साथ-साथ बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में जल्द सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जाए। वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी और ईंधन खर्च में राहत मिलने की बात कही गई।
राज्य बजट में अधोसंरचना विकास के लिए विशेष प्रावधानों का उल्लेख करते हुए सरकार ने शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों तक विश्वस्तरीय सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य दोहराया। ग्रीन एनर्जी को प्राथमिकता देते हुए नागरिकों से स्वच्छ ईंधन अपनाने की अपील की गई।




