छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

माता कौशल्या महोत्सव 2026 का आगाज: चंदखुरी में आस्था, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण का संगम

रायपुर। आरंग विकासखंड के चंदखुरी ग्राम में माता कौशल्या महोत्सव 2026 की भव्य शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने शुभारंभ किया। इस दौरान मानस मंडलियों की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया, वहीं प्रसिद्ध कलाकार पूनम विराट तिवारी को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यह महोत्सव महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर आयोजित किया जा रहा है। राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, जिसके तहत “महतारी वंदन योजना” के जरिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज को प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने यह भी बताया कि “रामलला दर्शन योजना” के माध्यम से अब तक हजारों श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। किसान हित और महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता में शामिल हैं।

मंत्री ने नवा रायपुर में फिल्म सिटी और मेडिसिटी जैसे बड़े विकास कार्यों का भी उल्लेख किया, जो प्रदेश के विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से इस महोत्सव को और अधिक भव्य बनाया जाएगा।

यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और लोककला को सशक्त मंच प्रदान करने का माध्यम भी है। यहां स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिल रही है।

संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य ने बताया कि महोत्सव में महिलाओं द्वारा संचालित स्टॉल लगाए गए हैं, जो स्व-रोजगार को बढ़ावा दे रहे हैं। इस मौके पर फिल्म विकास निगम की अध्यक्षा मोना सेन, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम अभिलाषा पैंकरा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button