छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सुकमा के मिसमा में शुरू हुआ आधार सेवा केंद्र, अब गांव में ही मिलेंगी डिजिटल और शासकीय सुविधाएं

सुकमा। डिजिटल इंडिया की दिशा में सुकमा जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कोंटा जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत मिसमा में आधार सेवा केंद्र और अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव के पास ही डिजिटल और शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख न करना पड़े।

जिला प्रशासन की पहल पर शुरू हुए इस केंद्र का लाभ केवल मिसमा ही नहीं, बल्कि सामसेट्टी, पिन्नाभेज्जी, मुंदपल्ली, चिचोरगुड़ा और पुनपल्ली सहित आसपास के पांच गांवों के हजारों ग्रामीणों को मिलेगा। अब आधार कार्ड का नया पंजीयन, बायोमेट्रिक अपडेट, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल और अन्य जानकारियों में संशोधन जैसी सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी।

पहले इन सेवाओं के लिए ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। अब स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी आसान होगी।

आधार आज बैंकिंग, पेंशन, छात्रवृत्ति, राशन और कई जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ा अहम दस्तावेज बन चुका है। ऐसे में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत ग्रामीणों को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र के जरिए अन्य ऑनलाइन और शासकीय सेवाएं भी गांव में ही उपलब्ध कराई जाएंगी।

एक समय माओवाद से प्रभावित रहे इस इलाके में अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार के साथ डिजिटल सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार हो रहा है। मिसमा में शुरू हुआ यह केंद्र न केवल ग्रामीणों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्र में विकास और डिजिटल सशक्तिकरण की नई तस्वीर भी पेश करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button