2 करोड़ की ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, 500 करोड़ की ‘टॉक्सिक’ को कमाई में पछाड़ा!

नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित छोटे बजट की फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ा उलटफेर करती नजर आ रही है। महज 2 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने अपनी शानदार कमाई से बड़े-बड़े बजट की फिल्मों को चुनौती दे दी है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि फिल्म ने यश स्टारर करीब 500 करोड़ रुपए के बजट वाली बहुचर्चित फिल्म ‘टॉक्सिक’ को भी कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया।
आंकड़ों के मुताबिक, भारत में रिलीज के 26वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने 8.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। वहीं, ‘टॉक्सिक’ अपने रिलीज के 7वें दिन केवल 7.85 करोड़ रुपए ही जुटा सकी। यानी कम बजट और सीमित स्क्रीन से शुरुआत करने वाली ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर बड़े बजट की फिल्म को सीधी टक्कर दे दी।
7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन वाली ‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बेहद धीमी रही थी। पहले दिन फिल्म ने सिर्फ 10 लाख रुपए कमाए और शुरुआती दो हफ्तों में इसका कलेक्शन केवल 1.48 करोड़ रुपए तक पहुंच सका। लेकिन इसके बाद दर्शकों के पॉजिटिव रिस्पॉन्स और मजबूत वर्ड-ऑफ-माउथ ने फिल्म की किस्मत पलट दी।
फिल्म के रिलीज के 17वें दिन 2.20 करोड़ रुपए की कमाई के साथ इसका ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ने लगा। तीसरे हफ्ते में ही फिल्म ने 10.40 करोड़ रुपए का कारोबार कर लिया। अब 26 दिनों में फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 54.13 करोड़ रुपए, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 63.82 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है।
बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ा मुकाबला हिंदी बेल्ट में देखने को मिला। रिलीज के 25वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने हिंदी में 5.50 करोड़ रुपए कमाए, जबकि यश की ‘टॉक्सिक’ अपने छठे दिन हिंदी बेल्ट में केवल 4.40 करोड़ रुपए ही जुटा सकी।
जहां ‘टॉक्सिक’ हजारों शोज के साथ बड़े पैमाने पर रिलीज हुई, वहीं ‘हनुमान अंश’ ने महज 300 शोज से शुरुआत की थी। दर्शकों की बढ़ती मांग के चलते अब इसके शोज बढ़कर 7,008 तक पहुंच गए हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद फिल्म की यह सफलता साफ संकेत दे रही है कि बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ बड़ा बजट नहीं, बल्कि मजबूत कंटेंट और दर्शकों का भरोसा ही असली गेमचेंजर है।
ये खबर भी पढ़ें—:


