देश की ताज़ा खबरें | Fourth Eye News

ट्रम्प की तस्वीर वाला $1 सिक्का आते ही मचा बवाल, 3 घंटे में हुआ आउट ऑफ स्टॉक; अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ पर खास रिलीज

अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर जारी किए गए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर वाले खास 1 डॉलर के सिक्के ने बाजार में जबरदस्त हलचल मचा दी है। अमेरिकी मिंट ने बुधवार दोपहर 12 बजे जैसे ही इस विशेष सिक्के की बिक्री शुरू की, लोगों में इसे खरीदने की होड़ लग गई। स्थिति ऐसी रही कि बिक्री शुरू होने के महज 3 घंटे के भीतर ही यह खास कलेक्टिबल सिक्का आउट ऑफ स्टॉक हो गया।

एक सिक्के की कीमत 2.44 डॉलर यानी करीब 230 रुपए रखी गई थी। इसके अलावा अमेरिकी मिंट ने 25 और 100 सिक्कों के पैक भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराए। 25 सिक्कों के पैक की कीमत 61 डॉलर, जबकि 100 सिक्कों के पैक की कीमत 154.50 डॉलर तय की गई। भारी मांग के कारण बिक्री शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद ही वेबसाइट पर लोगों को वेटिंग एरिया में भेजा जाने लगा, जहां लगभग एक घंटे तक का इंतजार बताया गया।

इस खास सिक्के के एक तरफ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर के साथ ‘IN GOD WE TRUST’ और ‘LIBERTY’ लिखा गया है। दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति की मुहर और अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ को दर्शाता ‘250’ अंकित किया गया है।

अमेरिकी मिंट ने 2.5 लाख सिक्कों को और भी खास बनाया है। इन्हें ‘4 जुलाई’ के विशेष निशान के साथ रैंडम तरीके से रोल और बैग में शामिल किया गया है। ये सिक्के अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस 4 जुलाई को तैयार किए गए थे।

ट्रम्प की तस्वीर वाले इस सिक्के को लेकर कानून और इतिहास की चर्चा भी तेज है। अमेरिकी कानून के तहत किसी जीवित राष्ट्रपति या पूर्व राष्ट्रपति की तस्वीर सामान्य सिक्कों पर लगाना प्रतिबंधित माना जाता है। हालांकि, अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के लिए बनाए गए विशेष कानून के तहत ट्रेजरी को खास 1 डॉलर के सिक्के जारी करने की अनुमति दी गई। कानून के अनुसार सिक्के के पीछे जीवित व्यक्ति का पोर्ट्रेट नहीं लगाया जा सकता, जबकि ट्रम्प की तस्वीर आगे की तरफ होने के कारण इसे नियमों के अनुरूप बताया गया है।

अब चर्चा सिर्फ सिक्के तक सीमित नहीं है। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर वाले 250 डॉलर के नोट को लेकर भी तैयारी चल रही है। इसके लिए करेंसी छापने वाली एजेंसी ब्यूरो ऑफ इंग्रेविंग एंड प्रिंटिंग को डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ ट्रम्प की तस्वीर वाले विशेष कलेक्टिबल सिक्के और संभावित 250 डॉलर के नोट के कारण सुर्खियों में बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button